सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

सोमदेव देव वर्मन-ताकत है परिवार



चेन्नई ओपेन टूर्नामेंट के उपविजेता सोमदेव देववर्मन भारतीय टेनिस के लिए नई आशा बनकर उभरे हैं। सफलता पाने के लिए कठिन परिश्रम करने वाले सोमदेव इस खेल में नई ऊंचाइयां छूना चाहते है। ई-मेल इंटरव्यू के जरिए जाने गये उनकी जिंदगी के कुछ अनछुए पहलू

आपने टेनिस ही क्यों चुना?
यह एक संपूर्ण खेल है, जिसके लिए शारीरिक रूप से मजबूत होने के साथ ही मानसिक दृढ़ता बहुत आवश्यक है। यही कारण है कि मुझे टेनिस पसंद है।
अपने बचपन के बारे में कुछ बताएं?
मेरा जन्म असम में हुआ था। मैं बचपन में काफी शरारतें किया करता था, खासतौर पर शिक्षक मुझसे काफी परेशान रहते थे। अपनी शरारतों के कारण मुझे उनसे काफी डांट सुननी पड़ती थी, लेकिन इसके बावजूद मैं पढ़ाई में एक अच्छा छात्र था। आठ साल की उम्र में मेरा परिवार चेन्नई रहने आ गया। यहीं पर मेरे टेनिस खेलने की शुरुआत हुई।
आपके कॅरियर में परिवार का कितना योगदान है?
मेरी मां त्रिपुरा की है तो पिता मेघालय से। दोनों मुझे बहुत अधिक प्यार करते है। मेरा एक बड़ा भाई और एक बहन भी है। हमारा पूरा परिवार स्नेह के अटूट बंधन में बंधा है। उनके समर्थन व प्यार के बल पर ही मैं आज इस मुकाम पर हूं। अच्छे आदर्श मुझे अपने परिवार से ही मिले है।
आपको इतनी ऊर्जा कहाँ से मिलती है?
टेनिस के लिए मेरे प्यार और परिवार तथा देश का नाम ऊँचा करने की भावना से।
आपका फिटनेस रुटीन क्या है?
मेरा फिटनेस रुटीन ऑन और ऑफ सीजन ट्रेनिंग पर निर्भर करता है। ऑन सीजन मैं 6 से 8 घंटे वर्कआउट करता हूं, तो ऑफ सीजन में 2 से 4 घंटे ही पर्याप्त होते है।
भविष्य की योजनाएं क्या हैं?
मैं लगातार मेहनत के बल पर आगे बढ़ते रहना चाहता हूं। इसके साथ ही भारत के लिए और अधिक उपलब्धियां प्राप्त करना मेरा लक्ष्य है।
टेनिस जगत में मिल रही प्रशंसा पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है?
बहुत अच्छा लगता है, जब मुझे भारत की उम्मीद कहा जाता है। इतना ही पर्याप्त नहीं है। यह तो शुरुआत है, अभी तो मुझे और भी सफल होना है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जिंदगी तुझे तो मैं भूल ही गई थी

 तो आधी जिंदगी गुजर चुकी है, बाकी भी गुजर ही रही है,लगातार चलती ही जा रही है, पर अभी भी मन बचपन सा ही है, जो जिंदगी पीछे रह गई उसके खट्टे-मीठे पल, छोटी-छाेटी खुशियों की ही याद रह गई है। जो किसी समय लगता था कि बड़ी परेशानियां हैं, उन्हें याद करके बस अब हंसी ही आती है, कितनी बेवकूफ़ और पागल थी मैं कि थोड़ा सा कुछ हुआ और बिफर पड़ी, किसी की बात सुनती भी नहीं थी और खुद ही पहले बोलने लगती थी। किसी ने कुछ कहा नहीं कि मैने उसकी बात से भी बड़े-बड़े अंदाजे लगा लिए और लग गई अपना ही हवा महल बनाने। भले ही कोई कुछ और कहना चाहता हो पर समझना कुछ और, यही तो किशोरावस्था से युवावस्था के बीच की उम्र का असर होता है। बड़े-बड़े सपने, और हवा-हवाई बातें, अगर नही की तो बीस से पच्चीस के बीच की उम्र जी ही नहीं। इन्ही बातों से तो जिंदगी बनती है। आज वही बातें फिर से याद आ रही हैं और बड़े दिनों बाद समय निकालकर ब्लॉग पर आ गई, कभी किसी दोस्त ने कहा थी कि लिखना नहीं छोड़ना, मैं उसकी बात भूल ही गई थी, जिंदगी की आपा-धापी और बदलावों के थपेड़ों के साथ संतुलन बनाना आपको कहां से कहां लाकर खड़ा कर देता है। कोई बात नहीं बह...

प्यार बार बार होता है

कौन कहता है कि प्यार, सिर्फ एक बार होता है। ये तो इक एहसास है जो, बार-बार होता है। इसके लिए कोई सरहद कैसी, ये तो बेख्तियार होता है, कब कौन कैसे, भला लगने लगे, खुद अपना अख्तियार, कहां होता है? प्यार में शर्त बंधी हो जो, तो भला ये प्यार कहां होता है। शर्तो में बंधने वाले , बावफा-बेवफा में अंतर, कहां बस एक बार होता है, वफा करना या नहीं करना, प्यार बस बेहिसाब कर लेना, बेवफाई में ही हमारी, जान बस तुम निसार कर लेना।

मन की भटकन

समय गुजरता जाता है और जिंदगी भी अपने कदमों के निशान छोड़ती हुई आगे बढ़ती है। लोगों की दोस्ती, बाहरी शोर-शराबे और भाग-दौड़ में हम इतना व्यस्त हो जाते हैं कि शायद अपने लिए ही समय नहीं मिलता। फिर किसी दिन कोई याद दिला दे कि आप क्या करते थे, आपके क्या शौक थे, तो मन फिर से उन यादों में लौट जाता है। इसके बावजूद समय किसी के लिए नहीं ठहरता, आगे बढ़ता जाता है, और हम बस केवल याद ही कर सकते हैं। शायद यह मेरी ही नहीं बल्कि हर एक की कहानी हैः कुछ भीड़-भाड़ पर खाली सा, मन मेरा भटकता हर तरफ, किन दिनों की याद और किन दिनों का साथ, कहां से बनती मन की बात। हर ओर एक धुंधलका होता, हर ओर एक वीरानी, कितनी कहानियां मन को टटोलती, कितने ही किस्सों से मन की, होती रहती हरदम बात। दिन-दिन समय है बढ़ता जाता, फिर भी कुछ क्यों समझ न आता, न हारी न जीती हूं मैं, समय का मिला जहां तक साथ।   कुछ किस्सों की नायिका, कुछ की हूं खलनायिका, कितने ही दिन गुजर गए, बनी नहीं कुछ बात। दोस्तों की दोस्ती और, दुश्मनों की दुश्मनी, हुए सब वर्षों में बेकार। बची है तो एकदम नीरवता, और तनहाई का साथ।।